Mathura News: हरियाली तीज पर बरसाना में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, प्रशासन ने कसी कमर

Mathura News: हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस पर बरसाना में भारी भीड़ की संभावना, प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, दर्शन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां तेज कीं।

Amit Sharma
Published on: 12 Aug 2026 9:50 AM IST
Mathura News: हरियाली तीज पर बरसाना में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, प्रशासन ने कसी कमर
X

Mathura Barsana Hariyali Teej

Mathura News: हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस इस बार एक ही दिन पड़ने से बरसाना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। 15 अगस्त को होने वाले पर्व को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा, यातायात, दर्शन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह और सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और मंदिर प्रबंधन के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सफेद छतरी के नीचे होंगे विशेष दर्शन

मंदिर रिसीवर डॉ. यज्ञ पुरुष गोस्वामी ने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे लाडली जी विशेष रूप से सुसज्जित डोले में विराजमान होकर मंदिर से नीचे सफेद छतरी के नीचे पधारेंगी। पुष्पों से सजी सफेद छतरी के नीचे करीब साढ़े छह बजे तक श्रद्धालुओं को विशेष दर्शन होंगे। इस मनोहारी झांकी के दर्शन के लिए दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की उम्मीद है।

राधारानी मंदिर मार्ग रहेगा वनवे

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए राधारानी मंदिर मार्ग पर वनवे व्यवस्था लागू रहेगी। श्रद्धालुओं को सुदामा चौक की पुरानी सीढ़ियों से प्रवेश दिया जाएगा। रास्ते में रस्सियां लगाकर भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा और दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को निर्धारित निकास मार्ग से बाहर निकाला जाएगा।

सुबह आठ से रात आठ बजे तक नो एंट्री

सीओ गोवर्धन ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक बरसाना कस्बे में वाहनों की नो एंट्री रहेगी। जयपुर मंदिर मार्ग पर बाइक का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने की अपील की गई है।

जयपुर मंदिर की ओर से आने वाले परिक्रमार्थियों को बड़ी सिंहपौर से प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से जूते-चप्पल पार्किंग अथवा जूताघर में ही छोड़कर आने की अपील की है।

अतिक्रमण हटाने के निर्देश

एसडीएम ने जयपुर मंदिर से राधारानी मंदिर मार्ग, हमारो प्यारो बरसाना गेट और लाडो द्वार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों, प्रवेश-निकास व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि हरियाली तीज का पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story