Mathura News: थाना बरसाना में देर रात हंगामा, मंत्री प्रतिनिधि और पुलिस के बीच हुई बहस

Mathura News: कमई गांव में तालाब खुदाई मामले में दो लोगों को हिरासत में लेने के बाद मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी समर्थकों संग थाने पहुंचे, बढ़ा विवाद।

Amit Sharma
Published on: 6 Jun 2026 10:55 PM IST (Updated on: 6 Jun 2026 10:57 PM IST)
Barsana police station, debate between ministerial representative and police
X

थाना बरसाना में देर रात हंगामा, मंत्री प्रतिनिधि और पुलिस के बीच हुई बहस (Photo- Newstrack)

Mathura News: बरसाना (मथुरा)। थाना बरसाना में देर रात उस समय हंगामे जैसी स्थिति बन गई, जब प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। घटना के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और मामला राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार थाना बरसाना क्षेत्र के गांव कमई में अमृत सरोवर योजना के तहत एक तालाब की खुदाई का कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात जेसीबी मशीन से खुदाई किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूरजपाल सहित दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाना बरसाना पहुंचाया।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में से एक व्यक्ति मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी का करीबी बताया जाता है। इसके बाद नरदेव चौधरी ने कथित रूप से थाना प्रभारी अश्वनी कुमार से फोन पर बातचीत कर दोनों व्यक्तियों को छोड़ने का अनुरोध किया। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई को नियमों के अनुसार बताते हुए उन्हें छोड़ने से इनकार कर दिया।

थाने में अफरा-तफरी

बताया जाता है कि इसके बाद नरदेव चौधरी अपने कई समर्थकों के साथ देर रात थाने पहुंच गए। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और उनके बीच बातचीत के दौरान तीखी बहस हो गई। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा और थाने में अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखने को मिली।

क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि विवाद के दौरान हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों को थाने से छुड़ाकर ले जाया गया। हालांकि इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं थाना प्रभारी अश्वनी कुमार का पक्ष भी सामने नहीं आया है।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story