TRENDING TAGS :
Mathura News: ब्रज रज उत्सव में सजेगी भक्ति और लोक संस्कृति की महफिल, 23 अक्टूबर से होगा आगाज
Mathura News: मथुरा में ब्रज रज उत्सव 2026 का आयोजन 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में होगा। सांसद हेमा मालिनी की ‘नृत्य नाटिका गंगा’ से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।
Mathura News
Mathura News: ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भक्ति परंपरा और लोककलाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मथुरा में ब्रज रज उत्सव 2026 का आयोजन 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में किया जाएगा। उत्सव का औपचारिक उद्घाटन 24 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और सांसद हेमा मालिनी करेंगी। वहीं, वृंदावन के स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में 23 से 28 अक्टूबर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
हेमा मालिनी की प्रस्तुति से होगी शुरुआत
वृंदावन में 23 अक्टूबर को सांसद हेमा मालिनी की ‘नृत्य नाटिका गंगा’ के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। 25 अक्टूबर को सौरभ राज जैन ‘मेरे कृष्ण’ नाटक प्रस्तुत करेंगे। 26 अक्टूबर को गीता शोध संस्थान और रासलीला अकादमी की ओर से रासलीला का मंचन होगा। 27 अक्टूबर को शिवानी मिश्रा ‘कलर्स ऑफ यूपी’ की प्रस्तुति देंगी।
रेलवे ग्राउंड में गूंजेंगे भजन और सूफी संगीत
रेलवे ग्राउंड में 23 अक्टूबर को मधुरम डिवोशनल बैंड की प्रस्तुति होगी। 24 अक्टूबर को ईशान मिश्रा सूफी गायन, 25 को रसिक वैष्णव ब्रजरस भजन कॉन्सर्ट और 26 अक्टूबर को रूट्स नादात्म बैंड प्रस्तुति देगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को गजेंद्र प्रताप सिंह, 28 को इशिता विश्वकर्मा, 29 को लखबीर सिंह लक्खा और 30 अक्टूबर को अतुल पंडित कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 31 अक्टूबर को पद्मश्री रामदयाल नौटंकी पेश करेंगे। एक नवंबर को अभय विश्वकर्मा का म्यूजिकल बैंड और दो नवंबर को बैकस्टेज सिवलिंग की प्रस्तुति होगी।
शिल्प मेले में दिखेगी स्थानीय उत्पादों की झलक
उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिल्प मेला, फूड कोर्ट, झूले और जॉय राइड्स भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। स्वयं सहायता समूहों, खादी ग्रामोद्योग, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) और एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और क्षेत्रीय व्यंजनों को बढ़ावा मिलेगा।ब्रज रज उत्सव में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ स्थानीय लोक कलाकारों और स्कूली बच्चों को भी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन के माध्यम से ब्रज की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक कलाओं और लोक विरासत को व्यापक मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।


