Mathura News: 28 नवंबर को दीनदयाल धाम आएंगे सीएम योगी, करेंगे लोकार्पण

Mathura News: मथुरा के परखम में आयोजित कार्यक्रम में आयुर्वेद केंद्र और छात्रावास का होगा लोकार्पण, शिवराज सिंह चौहान और पुष्कर सिंह धामी के भी शामिल होने की संभावना।

Amit Sharma
Published on: 25 Nov 2026 5:46 PM IST
CM Yogi to visit Deendayal Dham on November 28 to inaugurate
X

28 नवंबर को दीनदयाल धाम आएंगे सीएम योगी, करेंगे लोकार्पण (Photo- Newstrack)

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 नवंबर को मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित परखम के दीनदयाल धाम पहुंचेंगे। यहां भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री कई जनकल्याणकारी और विकास से जुड़े प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी शामिल होने की संभावना है।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

आयुर्वेद केंद्र और छात्रावास का होगा लोकार्पण

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदेश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इन प्रकल्पों के शुरू होने से आयुर्वेद चिकित्सा, गौ आधारित अनुसंधान, पशु चिकित्सा शिक्षा और विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाओं के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सुबह 10 बजे आयोजित होगा कार्यक्रम

गौशाला समिति के अनुसार 28 नवंबर को सुबह 10 बजे गऊ ग्राम स्थित गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि अन्य अतिथियों की सहभागिता को लेकर अंतिम कार्यक्रम का इंतजार है। आयोजन को लेकर गौशाला समिति और प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हैं।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story