Mathura News: नशे में युवक ने दरोगा की कार पर फेंका पत्थर, शीशा टूटा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Mathura News: मथुरा के भूतेश्वर चौराहे के पास नशे में धुत युवक ने दरोगा की कार पर पत्थर फेंका, शीशा टूटा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।

Amit Sharma
Published on: 4 July 2026 9:33 AM IST (Updated on: 4 July 2026 9:48 AM IST)
Mathura News: नशे में युवक ने दरोगा की कार पर फेंका पत्थर, शीशा टूटा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
X

Mathura News

Mathura News: शहर के श्री भूतेश्वर चौराहे के निकट श्री जी बाबा मंदिर के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित रूप से शराब के नशे में धुत एक युवक ने सड़क से पत्थर उठाकर एक कार पर फेंक दिया। कार में एक पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा) अपनी पत्नी के साथ सवार थे। घटना में कार का आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कार में बैठे सभी लोग सुरक्षित रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक अपनी पत्नी को चिकित्सकीय परामर्श दिलाने के बाद वृंदावन की ओर लौट रहे थे। श्री जी बाबा मंदिर के सामने यातायात जाम होने के कारण उनकी कार धीमी गति से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान जन्मभूमि की ओर से आए एक युवक ने अचानक सड़क से पत्थर उठाया और कार पर फेंक दिया। पत्थर सीधे कार के शीशे से टकराया, जिससे शीशा टूट गया और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। इससे कुछ देर के लिए मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर डीग गेट चौकी ले गई।प्रारंभिक जांच में युवक के शराब के नशे में होने की बात सामने आ रही है।

पुलिस उससे पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।पुलिस का कहना है कि मामले की विधिक जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन पुलिस ने स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story