Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि चढ़ावे पर बड़ा आरोप, फलाहारी महाराज ने सीबीआई जांच मांगी

Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर संत फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है।

Amit Sharma
Published on: 16 Jun 2026 10:33 PM IST (Updated on: 16 Jun 2026 10:35 PM IST)
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि चढ़ावे पर बड़ा आरोप, फलाहारी महाराज ने सीबीआई जांच मांगी
X

Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर संत फलाहारी महाराज ने गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है। उनके इस कदम से मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों में हलचल मच गई है।

फलाहारी महाराज का आरोप है कि मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे का सही तरीके से हिसाब नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर की गुल्लकें खोले जाने के समय सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भक्तों द्वारा दिए गए दान का दुरुपयोग किया जा रहा है।

महाराज ने दावा किया कि मंदिर से जुड़े कुछ कर्मचारी, जो पहले साधारण जीवन जीते थे, आज महंगी गाड़ियों और आलीशान मकानों के मालिक बन गए हैं। उन्होंने मांग की कि मंदिर प्रबंधन और कर्मचारियों की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कई संपत्तियां खरीदे जाने की भी जांच होनी चाहिए।

फलाहारी महाराज ने यह भी कहा कि मंदिर में सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छप्पन भोग और फूल बंगला जैसी व्यवस्थाओं में भी भारी कमीशनखोरी हो रही है।

उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिर के चढ़ावे की राशि का उपयोग अस्पताल, कॉलेज और जनहित के अन्य कार्यों में किया जाए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था को सीधे अपने स्तर पर देखने का आग्रह किया।

फलाहारी महाराज ने चेतावनी दी कि यदि मामले की सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो वे इस संबंध में हाईकोर्ट में नई याचिका दायर करेंगे।

गौरतलब है कि फलाहारी महाराज वही संत हैं जिन्होंने वर्षों पहले संकल्प लिया था कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति तक वे अन्न ग्रहण नहीं करेंगे। फिलहाल उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर मंदिर प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story