TRENDING TAGS :
Mathura News: बिजली के खंभे में उतरे करंट से गर्भवती गाय की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
Mathura News: मथुरा के फरह क्षेत्र के शहजादपुर गांव में बिजली के खंभे में करंट आने से गर्भवती गाय की मौत हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था की जांच, मुआवजे और सुधार की मांग की।
बिजली के खंभे में उतरे करंट से गर्भवती गाय की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश (Photo- Newstrack)
Mathura News: मथुरा जिले के थाना फरह क्षेत्र के गांव शहजादपुर में बारिश आ जाने के कारण बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर सामने आई। गांव में बिजली के खंभे में करंट उतरने से एक गर्भवती गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जर्जर बिजली व्यवस्था और करंट उतरने की समस्या को लेकर पिछले करीब दो वर्षों से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि कई बार अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, इसके बावजूद खंभों और तारों की मरम्मत नहीं कराई गई।
बिजली के खंभे के संपर्क में आने से गाय की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाय चरते हुए बिजली के खंभे के संपर्क में आ गई, जिससे उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि गांव में जर्जर तार, ढीले कनेक्शन और करंट उतरने जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं तथा जर्जर तारों और खंभों को बदलने के आदेश भी जारी हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में हालात जस के तस बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने मृत गाय के मालिक को उचित मुआवजा देने, पूरे गांव की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


