Mathura News: गोकुल बैराज पर युवक को लोगों ने सुरक्षित बचाया, टला हादसा

Mathura News: मथुरा के गोकुल बैराज पर यमुना में उतरने की कोशिश कर रहे युवक को स्थानीय लोगों ने समझाकर सुरक्षित बचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Amit Sharma
Published on: 3 July 2026 11:03 PM IST
People rescue youth at Gokul Bairaj, Tala Hadsa
X

गोकुल बैराज पर युवक को लोगों ने सुरक्षित बचाया, टला हादसा (Photo- Newstrack)

Mathura News: मथुरा के गोकुल बैराज पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति यमुना में छलांग लगाने के इरादे से बैराज पर चढ़ गया। घटना के दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल किया, जिसमें उसने दावा किया कि पुलिस द्वारा उसके खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे से वह मानसिक रूप से परेशान और प्रताड़ित है। वीडियो सामने आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

यमुना में कूदने की धमकी देता रहा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक बैराज की रेलिंग पर खड़ा रहा और यमुना में कूदने की धमकी देता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब आधे घंटे तक पुलिस केवल स्थिति देखती रही और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रभावी प्रयास नहीं किया।

इस दौरान वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद कुछ जागरूक लोगों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवक को बातचीत में उलझाए रखा। काफी समझाने-बुझाने के बाद वह रेलिंग से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया, जिसके बाद लोगों ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया। समय रहते उसे बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खुद को पुलिस कार्रवाई से परेशान बताते हुए न्याय की मांग करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, उसके आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की जांच की जा रही- पुलिस

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। युवक से पूछताछ कर उसकी मानसिक स्थिति और वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। फिलहाल उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और संकट की स्थिति में त्वरित हस्तक्षेप को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story