Mathura News: गोवर्धन मेले में दर्दनाक हादसा! मानसी गंगा में डूबे दो किशोर, चार घंटे बाद मिले शव

Mathura News: गोवर्धन अधिक मास मेले के दौरान मानसी गंगा में स्नान करते समय दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। चार घंटे के रेस्क्यू के बाद शव बरामद किए गए। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

Amit Sharma
Published on: 6 Jun 2026 6:25 PM IST
Mathura News: गोवर्धन मेले में दर्दनाक हादसा! मानसी गंगा में डूबे दो किशोर, चार घंटे बाद मिले शव
X

Mathura News: गोवर्धन में चल रहे अधिक मास मेले के दौरान शनिवार को एक दुखद हादसा हो गया। मानसी गंगा में स्नान करते समय दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आगरा जिले के पिनाहट थाना क्षेत्र के मनसुखपुर गांव निवासी प्रिंस तोमर और मनीष तोमर अपने परिवार के साथ गोवर्धन परिक्रमा करने आए थे। परिक्रमा पूरी करने के बाद दोनों मानसी गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मथुरा से गोताखोरों की टीम बुलवाई गई। करीब चार घंटे तक चले खोज अभियान के बाद दोनों किशोरों के शव मानसी गंगा से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाने का प्रयास किया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अधिक मास मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए मानसी गंगा जैसे प्रमुख स्नान स्थलों पर पहले से गोताखोरों, सुरक्षा जाल, लाइफ जैकेट, नाव और अन्य बचाव संसाधनों की व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों का आरोप है कि प्रशासन अक्सर हादसा होने के बाद ही सक्रिय होता है।

इस हादसे ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story