TRENDING TAGS :
Mathura News: गुड़ाई बाजार में श्रीराम बरात का स्वागत, श्रीराम के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
Mathura News: मथुरा के गुड़ाई बाजार में श्रीराम बरात का भव्य स्वागत किया गया। श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला वहीं श्री रामलीला सभा के तत्वावधान में निकाली गई भव्य श्रीराम बरात का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ स्वागत किया गया। सात दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजों से सुसज्जित श्रीराम बरात ने ब्रज की धार्मिक परंपराओं और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी।
बरात के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।इसी क्रम में बाटी वाली कुंज स्थित बृजधाम सेवा समिति के संयोजन में जनमासे से प्रारंभ हुई श्रीराम बरात जब गुड़ाई बाजार स्थित हनुमान टीला मार्केट पहुंची, तो श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राम गोपाल शर्मा के निर्देशन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उद्योगपति एवं विप्र शिरोमणि आयुष शर्मा तथा समाजसेवी स्वास्तिक शर्मा के नेतृत्व में उपस्थित टीम ने भगवान श्रीराम सहित बरात में शामिल सभी स्वरूपों का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया।स्वागत समारोह में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी, भरत जी और शत्रुघ्न जी के स्वरूपों की विधिवत आरती उतारी गई। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर प्रभु के स्वरूपों के प्रति श्रद्धा निवेदित की। जैसे ही जय श्रीराम के जयघोष गूंजे, गुड़ाई बाजार का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बरात में शामिल श्रद्धालुओं और श्री रामलीला सभा के पदाधिकारियों का भी स्वागत-सम्मान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, तपस्या, कर्तव्य, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो प्रत्येक पीढ़ी को सत्य, सदाचार और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हैं। श्रीराम बरात जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
इस अवसर पर बंसीलाल, केके शर्मा, अजय शर्मा, गौरव शर्मा, लब्बू पंडित, ललित स्वामी, हरीश शर्मा, राजकुमार शर्मा, संजय हरियाणा, आशीष शर्मा एवं श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के संस्थापक श्याम शर्मा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से श्रीराम बरात का अभिनंदन कर धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।


