Mathura News: निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिला, हादसे की आशंका

Mathura News: मथुरा की हरिधाम कॉलोनी के निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Amit Sharma
Published on: 12 July 2026 9:50 PM IST
Body of youth found in house under construction, suspected of assault
X

निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिला, हादसे की आशंका (Photo- Social Media)

Mathura News: थाना रिफाइनरी क्षेत्र की हरिधाम कॉलोनी में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, रविवार हरिधाम कॉलोनी स्थित एक नवनिर्माणाधीन मकान में अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना रिफाइनरी पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल का बारीकी से परीक्षण किया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान कुलदीप पुत्र हुकम सिंह, निवासी गांव हेतलपुर, थाना टप्पल, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक के विरुद्ध प्रदेश के विभिन्न जनपदों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में किसी संघर्ष या आपराधिक घटना के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना के कारण हुई मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।


मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामला दुर्घटना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जबकि सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story