Mathura News: जन्माष्टमी पर जगमगाया नंद भवन, आधी रात को होगा जन्माभिषेक

Mathura News: नंदगाँव के नंद बाबा मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारियां पूरी, रात 12 बजे महा जन्माभिषेक के बाद विशेष आरती होगी। रविवार को नंद महोत्सव में होंगे कई आयोजन।

Amit Sharma
Published on: 4 Sept 2026 11:11 PM IST
Jagamgaya Nand Bhawan on Janmashtami, Janmabhishek to be held at midnight
X

जन्माष्टमी पर जगमगाया नंद भवन, आधी रात को होगा जन्माभिषेक (Photo- Newstrack)

Mathura News: जन्माष्टमी के पावन पर्व को लेकर नंदगाँव स्थित विश्व प्रसिद्ध नंद बाबा मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को मंदिर में सदियों से चली आ रही सनातन परंपराओं के अनुरूप जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर पूरे नंदगाँव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और नंद भवन आकर्षक विद्युत रोशनी से जगमगा रहा है।

मंदिर परिसर में शाम के समय नंदगाँव और बरसाना के गोस्वामी समाज की ओर से संयुक्त रूप से बधाई समाज का गायन किया जाएगा। इसके बाद रात 10 बजे से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़ी पारंपरिक ढी-ढाढ़ी और ढाढ़िन लीला का सजीव मंचन होगा। मध्य रात्रि 12 बजे भगवान के प्राकट्य के अवसर पर महा जन्माभिषेक कराया जाएगा। इसके पश्चात विशेष आरती आयोजित होगी, जिसमें श्रद्धालुओं को भगवान के दिव्य दर्शन प्राप्त होंगे।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य बनाने के लिए नंद बाबा मंदिर को विशेष विद्युत सजावट से सजाया गया है। मंदिर की सजावट तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी। मंदिर के सेवायत पुजारी गोपाल गोस्वामी ने बताया कि नंदगाँव निवासी दान बिहारी चौधरी ‘दानो नेता’ की ओर से तीन दिन के लिए यह भव्य सजावट कराई गई है। हाथरस से बुलाए गए दक्ष कारीगरों ने मंदिर को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया है।

जन्माष्टमी के अगले दिन रविवार को नंद भवन में परंपरागत नंद महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान भाड़ बधाई, लट्ठा मेला, मल्ल युद्ध और शंकर लीला जैसे प्रमुख कार्यक्रम होंगे। बधाई उत्सव में श्रद्धालुओं के बीच मिठाई, पकवान, खिलौने और वस्त्र आदि वितरित किए जाएंगे। भगवान को छप्पन भोग भी अर्पित किया जाएगा।

नंद बाबा मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. भुवनेश गोस्वामी ने बताया कि जन्माष्टमी पर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को विशेष पोतरा और पंजरी का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story