Mathura News: धनगर समाज को एससी प्रमाण पत्र जारी करने की मांग तेज, जेपी धनगर ने सौंपा ज्ञापन

Mathura News: मथुरा में राष्ट्रीय धनगर महासभा के अध्यक्ष जेपी धनगर के नेतृत्व में धनगर समाज को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। समाज ने शासनादेश के अनुसार शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Amit Sharma
Published on: 11 Jun 2026 5:39 PM IST
Mathura News: धनगर समाज को एससी प्रमाण पत्र जारी करने की मांग तेज, जेपी धनगर ने सौंपा ज्ञापन
X

Mathura News

Mathura News: उत्तर प्रदेश में धनगर समाज को अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण पत्र जारी करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। राष्ट्रीय धनगर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मथुरा को ज्ञापन सौंपकर शासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में जारी आदेशों और अधिसूचनाओं के अनुसार धनगर समाज के पात्र लोगों को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र दिए जाने का प्रावधान है। इसके बावजूद कई जिलों में लोगों के आवेदन लंबित पड़े हैं और उन्हें प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि इस विषय से जुड़े कुछ मामले न्यायालयों में विचाराधीन हैं, लेकिन शासन के पूर्व आदेश प्रभावी हैं। इसलिए पात्र व्यक्तियों को प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट निर्देशों के अभाव में लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जिले के सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि धनगर समाज के पात्र लोगों के जाति प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण हो सके। साथ ही आवेदकों को होने वाली अनावश्यक परेशानियों और देरी पर भी रोक लगाने की मांग उठाई गई।राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर ने कहा कि धनगर समाज लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। शासन के आदेशों के अनुरूप पात्र लोगों को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र मिलना उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की ताकि समाज के लोगों को राहत मिल सके।इस दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story