Mathura News: 92 वर्षीय सास को सिर पर बैठाकर परिक्रमा करा रही बहू काजल चौधरी

Mathura News: मथुरा की काजल चौधरी 92 वर्षीय सास चंद्री देवी को सिर पर टब में बैठाकर ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा करा रही हैं, सेवा और समर्पण की मिसाल बनीं।

Amit Sharma
Published on: 7 Jun 2026 10:59 PM IST
Kajal Choudhary circumambulates 92-year-old mother-in-law
X

92 वर्षीय सास को सिर पर बैठाकर परिक्रमा करा रही बहू काजल चौधरी (Photo- Newstrack)

Mathura News: सौंख (मथुरा)। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया है। कोसी क्षेत्र की रहने वाली काजल चौधरी अपनी 92 वर्षीय सास चंद्री देवी को सिर पर टब में बैठाकर परिक्रमा करा रही हैं। बहू की इस अनोखी सेवा भावना और समर्पण को देखकर लोग उनकी सराहना कर रहे हैं और इसे परिवार के प्रति सम्मान का प्रेरक उदाहरण बता रहे हैं।

अधिकमास मेले के अवसर पर ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा में दूर-दूर से आए श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। इसी दौरान काजल चौधरी की यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उम्र के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी चंद्री देवी की लंबे समय से इच्छा थी कि वे ब्रज की पवित्र परिक्रमा करें। उनकी इस इच्छा को पूरा करने के लिए बहू काजल चौधरी ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई और उन्हें सिर पर टब में बैठाकर यात्रा शुरू कर दी।

काजल चौधरी, चंद्री देवी और उनके साथ चल रही टीम सौंख क्षेत्र के मंगोरा स्थित केएम मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां कॉलेज प्रबंधन, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया गया तथा उनके सेवा भाव की प्रशंसा की गई। स्वागत के बाद सास-बहू और उनकी टीम ने कॉलेज परिसर में कुछ समय विश्राम भी किया।

रास्ते भर श्रद्धालु और स्थानीय लोग काजल चौधरी का उत्साह बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं। कई लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं, जबकि अनेक श्रद्धालु उनके इस समर्पण को भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां रिश्तों में दूरियां बढ़ती दिखाई देती हैं, वहीं काजल चौधरी ने अपनी सास की सेवा कर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है।

ब्रज क्षेत्र में काजल चौधरी की यह यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। श्रद्धालु उनके जज्बे, धैर्य और सेवा भावना को नमन करते हुए इसे परिवार के प्रति सम्मान, प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की अद्भुत मिसाल बता रहे हैं।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story