Mathura News: करहेला में बदहाल रास्ते से ग्रामीण परेशान, बारिश में बढ़ी मुश्किल

Mathura News: मथुरा के करहेला गांव में बदहाल रास्ते और जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। स्कूली बच्चों समेत लोगों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

Amit Sharma
Published on: 26 Aug 2026 6:28 PM IST
Rural disturbed by bad road in Karhela, more difficulties in rain
X

 करहेला में बदहाल रास्ते से ग्रामीण परेशान, बारिश में बढ़ी मुश्किल (Photo- Newstrack)

Mathura News: मथुरा। छाता तहसील क्षेत्र के गांव करहेला में बदहाल रास्ते की समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक दबंग व्यक्ति के विरोध के चलते रास्ते का निर्माण कार्य लंबे समय से अटका हुआ है। बारिश के दिनों में रास्ते पर कीचड़ और जलभराव होने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, रास्ते की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। उन्हें कीचड़ और पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। कई बार बच्चों के कपड़े खराब हो जाते हैं और फिसलने का खतरा भी बना रहता है। इसके अलावा जलभराव और गंदगी के कारण आसपास बीमारी फैलने की आशंका भी ग्रामीणों को सता रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शादी-विवाह, धार्मिक आयोजन अथवा अन्य जरूरी कार्य होने पर भी लोगों को इसी रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते के निर्माण को लेकर कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

कल्याण सिंह, बाबू, बिजेंद्र, राजेंद्र, मोहन, सुंदर, गिरधारी, रामकिशन, अजय सिंह, बच्चू, कंजर भज्जी वाली और दाऊजी समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।


ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांवों में विकास कार्य कराने के दावे करती है, लेकिन करहेला में जमीनी स्थिति उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर रास्ते की वास्तविक स्थिति देखने और निर्माण में आ रही बाधा को दूर कराने की मांग की है।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगा और उन्हें बारिश के मौसम में बदहाल रास्ते से राहत मिल सकेगी।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story