TRENDING TAGS :
Mathura News: अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी! केशव मौर्य बोले- अखिलेश यादव भी आएं साथ
Mathura News: अयोध्या के बाद अब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा गरमा गया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी। अखिलेश भी साथ आएं।"
Mathura News
Mathura News: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी। अखिलेश यादव भी साथ आएं।" उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में मथुरा का मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया है।इधर, मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित परखम के पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र में सोमवार से भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय रणनीतिक चिंतन बैठक शुरू हो गई। अशोक सिंघल स्मृति सभागार में आयोजित इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी और सरकार के प्रमुख चेहरे शामिल हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे अनुसंधान केंद्र पहुंचे। यहां उनका पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम भी इसी परिसर में करेंगे।बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं।दो दिनों तक चलने वाले इस चिंतन शिविर में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की जा रही है।
पार्टी नेतृत्व का जोर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर है। इसके साथ ही राजनीतिक परिस्थितियों, चुनावी चुनौतियों और आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।बैठक मंगलवार 17 नवंबर को भी जारी रहेगी। कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:30 बजे परखम स्थित गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र से बरसाना के लिए रवाना होंगे। वहां वह मान माता गौशाला पहुंचेंगे।भाजपा की इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


