TRENDING TAGS :
Mathura News : श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में फलाहारी महाराज ने अखिलेश यादव से गवाही की मांग
Mathura News : फलाहारी महाराज ने अखिलेश यादव से श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर मुक्ति मामले में गवाही देने की अपील की, हलचल तेज
Krishna Janmabhoomi case
Mathura News : श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर मुक्ति मामले को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। मंदिर केस के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखकर अदालत में गवाही देने की अपील की है।फलाहारी महाराज ने अपने पत्र में लिखा है कि अखिलेश यादव यदुवंशी समाज से आते हैं और भगवान श्रीकृष्ण भी यदुवंशी माने जाते हैं। उन्होंने सवाल किया है कि क्या वह नहीं चाहते कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मंदिर स्वतंत्र हो और वहां भव्य रूप से पूजा-अर्चना हो सके।
पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि अखिलेश यादव मंदिर मुक्ति के समर्थन में खुलकर सामने आते हैं तो इससे यदुवंशी समाज को बल मिलेगा। फलाहारी महाराज ने उनसे आग्रह किया है कि वह प्रयागराज हाईकोर्ट में चल रहे श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले में मंदिर और हिंदू पक्ष के समर्थन में अपनी गवाही दर्ज कराएं।
उन्होंने यह भी लिखा कि सनातन धर्म के अनुयायी उनके इस कदम का स्वागत करेंगे। साथ ही यह भी संकेत दिया कि यदि वह मंदिर मुक्ति के पक्ष में समर्थन देते हैं तो उन्हें सम्मानित भी किया जा सकता है।हालांकि समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव की ओर से इस पत्र पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है और इस पर विभिन्न पक्ष अपनी-अपनी दलीलें रख रहे हैं।फिलहाल फलाहारी महाराज के इस पत्र के बाद राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।


