TRENDING TAGS :
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक
Mathura News: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। सुरक्षा, विद्युत सजावट, सफाई, पार्किंग, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
Mathura News
Mathura News: उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि 2 से 4 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिले में पांच मुख्य और 21 छोटे मंचों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट परफॉर्मेंस, विद्युत सजावट और सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। विश्राम घाट पर 4 सितंबर की शाम दीपदान कार्यक्रम होगा, जिसमें 5100 दीप जलाने की योजना है। मंत्री ने दीपों की संख्या और बढ़ाने के निर्देश दिए।श्रीकृष्ण जन्मस्थान सहित प्रमुख मंदिरों की आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। जन्मस्थान पर 3 सितंबर को सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, डिजिटल माध्यम, एलईडी वैन और स्क्रीन का उपयोग किया जाएगा।
मंत्री ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार के निर्देश दिए।नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 76 अस्थायी शौचालय, 186 पेयजल टैंकर, स्थायी-अस्थायी पार्किंग, खोया-पाया केंद्र, जूता घर तथा दिशा-सूचक लगाए जाएंगे। करीब 1100 सफाईकर्मी तैनात होंगे, जबकि जन्मस्थान क्षेत्र में 250 अतिरिक्त कर्मचारी लगाए जाएंगे। रैन बसेरे भी स्थापित किए जाएंगे।सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले को तीन जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। 95 बैरियर, 15 वॉच टावर और 125 सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस विभाग द्वारा पार्किंग और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था भी की जाएगी। मंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।


