TRENDING TAGS :
Mathura News: मंदिर में लगातार घटनाओं से आहत महंत का ऐलान, मृत्यु तक निर्जल अनशन लगाएंगे ताला
मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित महादेव मंदिर में लगातार चोरी की घटनाओं से आहत महंत ने 26 सितंबर से ताला लगाने और मृत्यु तक निर्जल अनशन का ऐलान किया।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में गोवर्धन रोड स्थित महादेव मंदिर में लगातार चोरी की घटनाओं से आहत महंत बाबा चंद्रमापुरी खड़ेश्वरी जी महाराज ने बड़ा निर्णय लिया है। महंत ने ऐलान किया है कि यदि मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो 26 सितंबर से मंदिर में अनिश्चितकालीन ताला लगा दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने मृत्यु तक निर्जल अनशन करने की बात कही है।
महादेव मंदिर में मां जगदंबे, माता शीतला, शनिदेव, नवग्रह और हनुमान जी के विग्रह स्थापित हैं। महंत के मुताबिक जुलाई 2026 में हनुमान जी के विग्रह के शीशे को तोड़कर करीब 12 से 15 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई थी। इसके बाद राधाष्टमी की रात भी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई। महंत का आरोप है कि राधाष्टमी की रात हुई चोरी की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनके अनुसार प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसएसपी को फोन कर शिकायत की, जहां पीआरओ से बातचीत होने की बात कही। महंत का यह भी आरोप है कि थाना हाईवे के सीयूजी नंबर से उनका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया गया है।
महंत ने बताया कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों के चेहरे कैद हुए हैं। उनका आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की है कि मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा हो और अराजक तत्वों तथा संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। महंत के अनुसार मंदिर की आरती वर्ष 2024 से बंद है। उनका कहना है कि उस समय भी मंदिर परिसर में उनके साथ कुछ अराजक तत्वों ने मारपीट की थी, जिसके बाद से पूजा-अर्चना और आरती प्रभावित है।
अब महंत ने स्पष्ट किया है कि 26 सितंबर तक कार्रवाई नहीं होने पर मंदिर में अनिश्चितकालीन ताला लगा दिया जाएगा और वह मृत्यु तक निर्जल अनशन करेंगे। ऐसे में देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और मंदिर की पूजा-अर्चना दोबारा नियमित कराने को लेकर क्या पहल होती है।


