Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर माखन-मिश्री भोग की मांग, राष्ट्रपति से मिलने की तैयारी

Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर माखन-मिश्री भोग की मांग को लेकर पहल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मुलाकात की तैयारी कर रहा है और धार्मिक परंपराओं को लेकर अपनी बात रखेगा।

Amit Sharma
Published on: 14 Jun 2026 5:50 PM IST
Mathura News
X

Mathura News(Photo-Social Media)

Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को लेकर रविवार को सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह ने दिनेश फलाहारी महाराज के साथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की जन्मस्थली और कर्मस्थली के दर्शन कर उन्हें आध्यात्मिक संतोष प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रही है और न्यायपालिका पर उन्हें पूर्ण विश्वास है।

डॉ. ए.पी. सिंह ने कहा कि दिनेश फलाहारी महाराज लंबे समय से जन्मभूमि मुक्ति के लिए बिना अन्न ग्रहण किए और नंगे पैर रहकर तपस्या कर रहे हैं, जो उनके त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि भगवान श्रीकृष्ण को परंपरागत रूप से माखन-मिश्री का भोग लगाया जाता रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में यह व्यवस्था नहीं हो पा रही है।

उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा गया है और उम्मीद है कि अगले एक सप्ताह के भीतर मुलाकात का अवसर मिलेगा। राष्ट्रपति के समक्ष एक प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से ज्ञापन प्रस्तुत कर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर नियमित पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन तथा माखन-मिश्री के भोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी जाएगी।

डॉ. सिंह ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया अपने स्तर पर जारी रहेगी और न्यायालय में मामला विचाराधीन है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने, सनातन धर्म बोर्ड के गठन तथा मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में शराब, मांस और अंडे जैसे तामसिक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि धार्मिक नगरी की मर्यादा और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे कदम आवश्यक हैं। इस अवसर पर दिनेश फलाहारी महाराज, साध्वी इंदुलेखा तथा सच्चिदानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story