Mathura News: बरसाना रोड पर भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालु की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल

Mathura News: मथुरा के बरसाना रोड पर टेंपो और बलेनो कार की आमने-सामने टक्कर में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि सात से अधिक लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Amit Sharma
Published on: 20 Jun 2026 3:48 PM IST
Mathura News: बरसाना रोड पर भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालु की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल
X

Mathura News

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जंप के बरसाना रोड पर शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो और बलेनो कार की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ। घायल श्रद्धालु बिहार के पटना और उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और राहत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही गोवर्धन के एसडीएम, क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुल 10 घायलों को उपचार के लिए लाया गया था। इनमें से एक श्रद्धालु की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में छह लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें से तीन श्रद्धालुओं की हालत अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है। अन्य घायलों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज गति और लापरवाही हादसे का कारण हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से श्रद्धालुओं के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मृतक की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story