TRENDING TAGS :
Mathura News: मिठाई की गुणवत्ता पर वायरल वीडियो से सवाल, खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली भी घेरे में
Mathura News: मथुरा में बृजवासी मिष्ठान भंडार से जुड़े वायरल वीडियो में मिठाई की गुणवत्ता पर सवाल उठे, खाद्य विभाग की निगरानी को लेकर भी चर्चा तेज।
Brijwasi Mishthan Bhandar News
Mathura News: कृष्ण नगरी मथुरा की प्रसिद्ध मिठाई की दुकान बृजवासी मिष्ठान भंडार से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक पति-पत्नी मिठाई की गुणवत्ता को लेकर दुकान संचालक से सवाल करते नजर आ रहे हैं। दोनों मिठाई विक्रेता से सवाल करते हुए कहते हैं कि यदि इस मिठाई को खाने के बाद किसी व्यक्ति को फूड प्वाइजनिंग हो जाए या वह बीमार पड़ जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
वीडियो में दंपती मिठाई की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर भी सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच होना जरूरी है, ताकि ग्राहकों की सेहत के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वहीं, वीडियो में खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। लोगों का कहना है कि त्योहारों के समय मिठाइयों की बिक्री काफी बढ़ जाती है और ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई की दुकानों पर विशेष निगरानी और सैंपलिंग अभियान चलाना चाहिए।गौरतलब है कि इन दिनों सावन का पावन महीना चल रहा है। मथुरा-वृंदावन में धार्मिक आयोजनों और त्योहारों के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के साथ स्थानीय प्रसिद्ध मिठाइयां भी खरीदकर अपने साथ ले जाते हैं।ऐसे में वायरल वीडियो ने मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग की जांच के बाद ही मिठाई की गुणवत्ता को लेकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


