TRENDING TAGS :
Mathura News: मथुरा में टूटा बिजली पोल बना खतरा, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
Mathura News: मथुरा के वार्ड संख्या-3 अंतर्गत नौगांव गांव में पिछले तीन महीनों से टूटा हुआ बिजली पोल लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
Mathura News
Mathura News: वृंदावन में करंट लगने से श्रद्धालु की मौत की घटना के बाद भी विद्युत विभाग सबक लेने को तैयार नहीं दिख रहा है। विभागीय लापरवाही के चलते जनपद के कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। ऐसा ही एक मामला मथुरा नगर निगम के वार्ड संख्या-3 अंतर्गत गांव नौगांव से सामने आया है, जहां पिछले करीब तीन महीनों से एक विद्युत पोल क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि टूटे हुए पोल की शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। मौके पर न तो कोई निरीक्षण हुआ और न ही पोल को बदलने की कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि पोल गिरता है या उसमें करंट प्रवाहित होता है तो राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। गांव के लोगों का आरोप है कि विभाग किसी अनहोनी के बाद ही सक्रिय होता है, जबकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सकता है।
मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वहीं अवर अभियंता ध्रुव साहू से बातचीत की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी होने की बात स्वीकार की, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए क्षतिग्रस्त पोल को बदलवाने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या का समाधान समय रहते करता है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलती है।


