Mathura News : मथुरा नागरिक सुरक्षा बैठक में लू से बचाव व प्रशिक्षण पर जोर

Mathura News: मथुरा नागरिक सुरक्षा बैठक में लू से बचाव, ओआरएस उपयोग और प्रशिक्षण पर जोर, स्वयंसेवकों को जागरूकता बढ़ाने के निर्देश

Amit Sharma
Published on: 2 May 2026 11:24 AM IST
Mathura News : मथुरा नागरिक सुरक्षा बैठक में लू से बचाव व प्रशिक्षण पर जोर
X

Mathura News

Mathura News : नागरिक सुरक्षा विभाग की वार्डन पोस्ट संख्या-1 की मासिक बैठक शुक्रवार को औरंगाबाद स्थित आचार्य चरण महाप्रभु श्रीमद्वल्लभ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे और इसकी अध्यक्षता पोस्ट वार्डन अशोक यादव ने की।

बैठक में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को जागरूक करना बहुत जरूरी है। पोस्ट वार्डन एवं मास्टर ट्रेनर अशोक यादव ने वार्डन्स और स्वयंसेवकों को लू से बचाव के आसान और जरूरी उपाय बताए।

उन्होंने कहा कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पानी ज्यादा पिएं और शरीर को ठंडा रखें। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत प्राथमिक उपचार दें और जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने ओआरएस घोल के उपयोग पर भी जोर दिया और कहा कि इसे घर-घर तक पहुंचाना चाहिए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि हर क्षेत्र में ठंडे पानी की व्यवस्था की जाए और सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाए जाएं। साथ ही पक्षियों के लिए परिंडे रखने की अपील भी की गई, ताकि उन्हें भी इस गर्मी में राहत मिल सके।

आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। स्वयंसेवकों की भागीदारी बढ़ाने और परिवार पंजिका के काम की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी वार्डन्स और फायर फाइटर्स के काम की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

अंत में डिप्टी पोस्ट वार्डन विकास सोनी और सेक्टर वार्डन राम सैनी ने बताया कि आगे भी अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें कर जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा। बैठक में कई सेक्टर वार्डन और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story