TRENDING TAGS :
Mathura: 6 दिसंबर की कार सेवा के आह्वान से मथुरा में बढ़ी हलचल, सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो वायरल
Mathura News: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर 6 दिसंबर की कार सेवा के आह्वान के बीच सोशल मीडिया पर कथित धमकी भरे वीडियो वायरल हो रहे हैं।
Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर 6 दिसंबर की तारीख नजदीक आते ही मथुरा में हलचल तेज हो गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए कार सेवा के आवाह्न के बीच सोशल मीडिया पर कुछ मौलवियों और युवकों के कथित धमकी भरे वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में हिंदू संगठनों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कार सेवा का विरोध करने और लोगों से मथुरा पहुंचने की अपील की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ मौलवी मुस्लिम समुदाय के लोगों से एकजुट होने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, हिंदू संगठनों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां भी की गई हैं। इन बयानों को लेकर धार्मिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। वीडियो में कार सेवा का आवाह्न करने वाले स्वामी सच्चिदानंद महाराज को धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और उनकी पृष्ठभूमि की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।उधर, स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने भी वीडियो के जरिए प्रतिक्रिया देते हुए कार सेवा रोकने की चुनौती दी है। उन्होंने 6 दिसंबर को शाही ईदगाह के विवादित ढांचे को हटाने के अपने संकल्प को दोहराया है। उनके इस बयान के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो और बयानों से धार्मिक तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन भी सतर्क हो गया है। 6 दिसंबर को लेकर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी बढ़ा दी है। खुफिया एजेंसियां भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो और गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ बयानबाजी और असामाजिक गतिविधियों को रोककर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की है।


