Mathura: मथुरा में देवउठनी एकादशी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, परिक्रमा मार्गों पर लगा भीषण जाम

Mathura News: मथुरा-वृंदावन में देवउठनी एकादशी पर पंचकोसी और तीन वन की परिक्रमा के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे। भारी भीड़ के चलते मसानी चौराहा, भूतेश्वर और धौली प्याऊ समेत कई मार्गों पर भीषण जाम लगा।

Amit Sharma
Published on: 18 Nov 2026 2:00 PM IST
Mathura: मथुरा में देवउठनी एकादशी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, परिक्रमा मार्गों पर लगा भीषण जाम
X

Mathura News

Mathura News: देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर धर्मनगरी मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पुण्य लाभ की कामना से लाखों श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा और मथुरा-वृंदावन की युगल जोड़ी (तीन वन) की परिक्रमा कर रहे हैं। सुबह से ही परिक्रमा मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दी। हालांकि, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। जगह-जगह लगे जाम और वाहनों की आवाजाही के कारण परिक्रमार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

परिक्रमा मार्ग के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं होने से हालात बिगड़ते नजर आए। बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने और रूट डायवर्जन का प्रभावी पालन न कराए जाने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन परिक्रमा मार्गों तक पहुंच गए। इससे पैदल परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं का रास्ता बाधित हुआ। कई स्थानों पर वाहनों और पैदल यात्रियों की भीड़ आमने-सामने आने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई।मसानी चौराहा, भूतेश्वर, धौली प्याऊ और वृंदावन मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह वाहन घंटों तक रेंगते रहे।

भीड़ और जाम के बीच सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को उठानी पड़ी। परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता मिलने में भी दिक्कत हुई। ऐसे हालात में परिक्रमार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने यातायात व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि देवउठनी एकादशी पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से समय रहते प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने मांग की कि परिक्रमा मार्गों को पूरी तरह वाहन मुक्त किया जाए। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था को तत्काल सुचारु बनाया जाए, ताकि श्रद्धालु बिना परेशानी और सुरक्षित तरीके से अपनी परिक्रमा पूरी कर सकें।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story