TRENDING TAGS :
Mathura News: मथुरा जिला जज विकास कुमार ने स्वयं की जनगणना, आमजन से स्व-गणना में भाग लेने की अपील
Mathura News: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 30 नवंबर तक स्व-गणना प्रक्रिया चलेगी। एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
Mathura News: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में सोमवार 23 नवंबर को जनपद के माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने स्वयं स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर आमजन के सामने जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि जनगणना देश की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया है। इसके माध्यम से आबादी, परिवारों और सामाजिक परिस्थितियों से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाती हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार को विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण और जनकल्याणकारी नीतियों को तैयार करने में सहायता मिलती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसमें सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना में प्रत्येक परिवार की सहभागिता से आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।जनगणना के द्वितीय चरण के तहत स्व-गणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की गणना से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे और परिवारों से निर्धारित जानकारियां एकत्र करेंगे।इस अवसर पर जिला जनगणना सहायक कपिल यदुवंशी तथा तकनीकी सहायता के लिए अंकुर सक्सेना उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी जनगणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


