TRENDING TAGS :
Mathura News: बाबा कढ़ेरा सिंह विद्या मंदिर की बेटियों ने रचा इतिहास, हॉकी में जीता स्वर्ण
Mathura News: गोवर्धन के बाबा कढ़ेरा सिंह विद्या मंदिर, अक्खा सौंख की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम ने नॉर्थ जोन प्रथम सीबीएसई हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।
Mathura News
Mathura News: शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी बाबा कढ़ेरा सिंह विद्या मंदिर, अक्खा सौंख की बेटियों ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम ने नॉर्थ जोन प्रथम सीबीएसई हॉकी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने सीबीएसई नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।प्रतियोगिता में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। विद्यालय की खिलाड़ियों ने शानदार खेल, बेहतर टीमवर्क और आत्मविश्वास के दम पर मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए फाइनल में भी दमदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक हासिल किया।
विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान समारोह
ऐतिहासिक जीत के बाद विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन सुरेश सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान टीम ने अपनी विजेता ट्रॉफी विद्यालय प्रबंधन को सौंपी।चेयरमैन सुरेश सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने साबित किया है कि उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को नारी सशक्तिकरण की मिसाल बताया।विद्यालय के प्राचार्य रामबाबू ने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए भी लगातार प्रोत्साहित किया जाता है।
अब अमृतसर में दिखेगा जलवा
स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम अब 25 से 31 अक्टूबर तक अमृतसर, पंजाब में होने वाली सीबीएसई नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम की सफलता का श्रेय हॉकी प्रशिक्षक सुमन की कड़ी मेहनत और नियमित प्रशिक्षण को दिया गया।समारोह में प्रबंध निदेशक गौरव सिंह, प्रबंधक प्रहलाद सिंह, वीरपाल सिंह, जीएस सत्यानंद शर्मा, शिक्षा निदेशक एसवी सिंह, प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह, कॉर्डिनेटर विपिन सिंह, प्रशिक्षक सुमन सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।


