TRENDING TAGS :
Mathura News: मथुरा बालिका संरक्षण गृह में 14 वर्षीय बालिका की मौत, दो नाबालिग बालिकाओं से पूछताछ
Mathura News: मथुरा के वृंदावन स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह में 14 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो नाबालिग बालिकाओं से पूछताछ की गई है और मामले की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू की जा रही है।
Mathura News
Mathura News: थाना वृंदावन क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह में करीब 14 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, मृतका जिस कमरे में रह रही थी, उससे अटैच बाथरूम था। संरक्षण गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान सामने आया कि मृतका के साथ करीब 15 वर्ष की दो अन्य बालिकाएं बाथरूम के अंदर गई थीं। कुछ समय बाद दोनों बालिकाएं बाथरूम से बाहर निकल आईं, जबकि मृतका बाहर नहीं आई। इसके बाद संरक्षण गृह प्रशासन और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों बालिकाओं ने मृतका के साथ घटना करने की बात बताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और घटनास्थल से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
संरक्षण गृह की संस्था प्रमुख की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संरक्षण गृह का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां मौजूद अन्य बालिकाओं से भी जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। विवेचना तथा मजिस्ट्रेटी जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


