TRENDING TAGS :
Mathura News: सुबह रनिंग कर रहे 7 बच्चों को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, सभी घायल
Mathura News: गोवर्धन में सुबह रनिंग कर रहे सात बच्चों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। सभी घायल, पुलिस चालक की तलाश और मामले की जांच में जुटी।
Mathura News
Mathura News: जिले के गोवर्धन क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोंख–गोवर्धन मार्ग पर उस समय हुई, जब गांव बछ गांव के बच्चे रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे दौड़ (रनिंग) के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने बच्चों को टक्कर मार दी और बिना रुके आगे निकल गई।
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार का नंबर HR50J1973 है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सातों बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार बच्चों को उपचार के लिए पाली स्थित केएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भरतपुर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि रेफर किए गए बच्चों में से एक की गर्दन की हड्डी टूटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिवारों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार व चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक लापरवाही या तेज गति से वाहन चला रहा था या नहीं।फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


