TRENDING TAGS :
Mathura News: रात होते ही अंधेरे में डूबता जयसिंहपुरा, बिजली विभाग पर फूटा लोगों का गुस्सा
Mathura News: मथुरा के जयसिंहपुरा क्षेत्र में लगातार रात 9 बजे के बाद बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
Mathura News
Mathura News: धर्मनगरी मथुरा-वृंदावन के जयसिंहपुरा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से रात 9 बजे के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया है। लोगों का आरोप है कि बिजलीघर के शिकायत नंबर पर बार-बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलता। वहीं संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश भी बेनतीजा साबित हो रही है। इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी व्याप्त है।स्थानीय निवासियों के अनुसार बिजली कटौती के कारण रातभर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के चलते बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि मच्छरों और कीड़ों के बीच रात गुजारना मजबूरी बन गया है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि विद्युत आपूर्ति को लेकर पहले भी विरोध-प्रदर्शन और सड़क जाम जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा। लोगों का आरोप है कि विभागीय उदासीनता के चलते आम जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।निवासियों ने पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बिजली व्यवस्था काफी बेहतर थी और लंबे समय तक बिजली गुल रहने जैसी स्थिति शायद ही कभी देखने को मिलती थी।क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


