Mathura News: मथुरा में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूसे मुहम्मदी, यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील

Mathura News: मथुरा में जश्ने ईद मीलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को जुलूसे मुहम्मदी निकाला जाएगा। आयोजन समिति ने प्रशासन से सुरक्षा, यातायात, सफाई, विद्युत व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

Amit Sharma
Published on: 18 Aug 2026 9:32 PM IST
Mathura News: मथुरा में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूसे मुहम्मदी, यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील
X

Mathura News

Mathura News: जश्ने ईद मीलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर जश्ने ईद मीलादुन्नबी इंतजामियां कमेटी (रजि.) मथुरा की ओर से 26 अगस्त को जुलूसे मुहम्मदी निकाला जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष मुजीबुर्रहमान ने प्रेस वार्ता में जुलूस की तैयारियों, प्रस्तावित मार्ग तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जानकारी दी। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से आवश्यक सहयोग की अपील की।

कमेटी के अनुसार जुलूस 26 अगस्त को दोपहर एक बजे मस्जिद जेबा, मनोहरपुरा स्थित कल्लू-मल्लू कारखाने से शुरू होगा। जुलूस मस्जिद जेबा, कल्लू-मल्लू कारखाना, भरतपुर गेट, घीया मंडी, चौक बाजार, मंडी रामदास, डीग गेट और दरगसी रोड होते हुए वापस कल्लू-मल्लू कारखाना पहुंचकर संपन्न होगा।प्रेस वार्ता में जुलूस मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, सफाई, विद्युत आपूर्ति और अनुशासन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। आयोजकों ने प्रशासन से मार्ग पर पर्याप्त पुलिस एवं यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की।

कमेटी के मुफ्ती आसिफ रजा ने जुलूस से पहले पूरे मार्ग का निरीक्षण कराने तथा अवैध अतिक्रमण, खुले मैनहोल, निर्माण सामग्री, बिजली के तार और अन्य संभावित बाधाओं को हटवाने का अनुरोध किया। उन्होंने आवारा पशुओं को नियंत्रित करने, आवश्यक यातायात डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था कराने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात करने की मांग की।उन्होंने बताया कि जुलूस में मरकज अहले सुन्नत मस्जिद जेबा की निर्धारित गाड़ी के अतिरिक्त किसी अन्य छोटे-बड़े वाहन या बाइक को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। यह व्यवस्था जुलूस को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

कमेटी ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों से शांति, सुरक्षा, यातायात, सफाई एवं विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही अकीदतमंदों और आम नागरिकों से निर्धारित मार्ग व यातायात नियमों का पालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने का आग्रह किया।प्रेस वार्ता में हाफिज जियाउर्रहमान, हाफिज फहीम रजा, मीडिया प्रभारी मुहम्मद मशकूर अली, आशकीन रजा, मौलाना माजिद, हाफिज इशहाक, बुरहान भाई, जियान रजा आदि मौजूद रहे।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story