TRENDING TAGS :
Mathura News : कोसीकलां में हरियाणा-यूपी रोडवेज बसों की भिड़ंत, 13 यात्री घायल, सभी खतरे से बाहर
Mathura News: मथुरा के कोसीकलां में रोडवेज बस हादसा, हरियाणा और यूपी परिवहन की बसें टकराईं, 13 यात्री घायल, सभी की हालत खतरे से बाहर
Mathura News
Mathura News: थाना कोसीकलां क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में हरियाणा परिवहन और उत्तर प्रदेश परिवहन की दो बसें आमने-सामने नहीं बल्कि आपस में टकरा गईं। हादसा पुलिस चौकी कोटवन कट के पास मथुरा से दिल्ली जाने वाली लेन पर हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, दोनों बसों में कुल 45 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि 13 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोसीकलां भेजा गया। चिकित्सकों ने सभी घायलों की जांच कर उपचार शुरू किया।घायलों में एक महिला की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मथुरा रेफर किया गया। अधिकारियों के अनुसार महिला की हालत भी फिलहाल खतरे से बाहर है। अन्य सभी घायलों को उपचार के बाद सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त बसों को हटवाकर यातायात को सामान्य करा दिया। मौके पर कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया गया। सभी यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्री खतरे से बाहर हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


