Mathura News: 9 अगस्त को नहीं होगी कार सेवा, फलाहारी महाराज ने वीडियो जारी कर किया स्पष्ट

Mathura News: फलाहारी महाराज ने वीडियो जारी कर 9 अगस्त को कार सेवा की खबरों को बताया भ्रम, लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील

Amit Sharma
Published on: 9 Aug 2026 9:57 AM IST
Mathura News: 9 अगस्त को नहीं होगी कार सेवा, फलाहारी महाराज ने वीडियो जारी कर किया स्पष्ट
X

Falahari Maharaj

Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण को लेकर 9 अगस्त को प्रस्तावित कथित कार सेवा को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच फलाहारी महाराज ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि 9 अगस्त को मथुरा में किसी भी प्रकार की कार सेवा नहीं होगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में न आने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।

फलाहारी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा प्रकरण वर्तमान में प्रयागराज हाईकोर्ट में लंबित है। ऐसे में न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूर्ण विश्वास है और मामले का समाधान कानून के दायरे में ही होगा।


उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण से संबंधित प्राचीन साक्ष्यों और दस्तावेजों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। ऐसे में न्यायालय की कार्यवाही और उसके निर्णय की प्रतीक्षा करना उचित होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि में शामिल न हों, जिससे मथुरा का माहौल प्रभावित हो।

फलाहारी महाराज ने कहा कि कार सेवा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इसी भ्रम को दूर करने और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने वीडियो जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 9 अगस्त को कोई कार सेवा आयोजित नहीं की जाएगी।

उन्होंने शासन-प्रशासन द्वारा भ्रम फैलाने वाले संदेशों और गतिविधियों को लेकर जारी किए गए नोटिस का भी उल्लेख किया। साथ ही सभी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

फलाहारी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले में न्यायालय का निर्णय सर्वोपरि है। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story