जन्माष्टमी से पहले बिजली कटौती पर सवाल, ट्रक पलटने से लाइन क्षतिग्रस्त; सूचना तंत्र भी सवालों में

Mathura News: जन्माष्टमी से पहले मथुरा में बिजली कटौती को लेकर नाराजगी, ट्रक पलटने से लाइन क्षतिग्रस्त; सूचना तंत्र पर भी लोगों ने सवाल उठाए।

Amit Sharma
Published on: 20 Aug 2026 1:12 PM IST
जन्माष्टमी से पहले बिजली कटौती पर सवाल, ट्रक पलटने से लाइन क्षतिग्रस्त; सूचना तंत्र भी सवालों में
X

Mathura News

Mathura News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर 132 केवी पागल बाबा मंदिर बिजलीघर पर मेंटेनेंस कार्य के चलते गुरुवार सुबह 8 बजे से 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की सूचना दी गई थी। हालांकि, बिजली कटौती के कारण और विभागीय स्तर पर स्पष्ट जानकारी न मिलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।

विद्युत विभाग का व्हाट्सएप ग्रुप होने के बावजूद उसमें बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्पष्ट और समय पर जानकारी साझा नहीं किए जाने को लेकर लोगों ने सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब विभाग ने सूचना के लिए ग्रुप बनाया है तो बिजली बंद करने से पहले वास्तविक कारण और संभावित बहाली का समय भी उसमें अपडेट किया जाना चाहिए।

मीडिया कर्मियों द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार फोन रिसीव नहीं होने से स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इससे लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं फैलती रहीं कि बिजली आपूर्ति जन्माष्टमी की तैयारियों के चलते बंद है अथवा किसी अन्य कारण से।

इसी बीच जनता के द्वारा जेई से हुई वार्ता में बताया गया कि मुख्य मार्ग पर एक ट्रक पलटने के कारण विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है और उसे ठीक करने का कार्य चल रहा है। जिसका व्हाट्सएप ग्रुप पर एक फोटो कर्मचारियों का कार्य करती भी डाला गया है अधिकारी के अनुसार सभी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में सबसे जरूरी है कि विभाग जनता को सही और समय पर जानकारी उपलब्ध कराए। अधिकारियों के फोन नहीं उठाने और स्पष्ट सूचना न मिलने से ही लोगों की नाराजगी बढ़ रही है। कुछ दिन पूर्व बिजलीघर पर टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात एसएसओ के साथ अभद्र व्यवहार का मामला भी सामने आया था, जिस पर थाना गोविंद नगर में कार्रवाई की गई थी।

जन्माष्टमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों ने विद्युत विभाग से निर्बाध आपूर्ति के साथ-साथ सूचना तंत्र को भी बेहतर करने की मांग की है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story