Mathura: श्रम कानूनों की अनदेखी कर मजदूरों को निलंबित करने का आरोप, श्रम विभाग को सौंपा ज्ञापन

Mathura News: मथुरा में मजदूरों ने वेतन वृद्धि और कथित श्रम कानून उल्लंघन के खिलाफ प्रदर्शन किया, सहायक श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की।

Amit Sharma
Published on: 20 Aug 2026 3:08 PM IST
Mathura: श्रम कानूनों की अनदेखी कर मजदूरों को निलंबित करने का आरोप, श्रम विभाग को सौंपा ज्ञापन
X

Mathura News: अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के नेतृत्व में गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को मजदूरों ने श्रम कानूनों के कथित उल्लंघन और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आक्रोशित मजदूरों ने नारेबाजी करते हुए एक्वा प्लैंबर प्राइवेट लिमिटेड, मथुरा के सेवायोजक एवं प्रबंधक पर बिना लिखित सूचना दिए निलंबन आदेश जारी करने का आरोप लगाया।

संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर नवीन वेतन वृद्धि लागू करने की मांग कर रहे थे। इसी बीच कथित रूप से श्रम कानूनों की अनदेखी करते हुए कुछ मजदूरों के खिलाफ निलंबन आदेश जारी कर दिए गए। इससे मजदूरों में रोष फैल गया।

प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री मालिक, प्रबंधक एवं प्रशासनिक कर्मचारियों पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने तथा श्रम कानूनों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। मजदूरों ने निलंबन आदेश तत्काल वापस लेने और नवीन वेतन वृद्धि लागू करने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से सहायक श्रम आयुक्त राजकुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मामले की जांच कर मजदूरों को न्याय दिलाने और श्रम कानूनों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।

अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के लुकेश कुमार राही ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों का किसी भी स्तर पर हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन मजदूरों की मांगों और उनके अधिकारों के लिए आगे भी आवाज उठाता रहेगा।

इस दौरान लुकेश कुमार राही, रमेश सैनी, धर्मवीर सिंह, अमर सिंह, दशरथ सिंह, विपिन कुमार, मुकेश कुमार, साहब सिंह, विष्णु सिंह, प्रेम कुमार, रंजीत कुमार, सुरेंद्र, मनोज कुमार, हेमराज, सुनील, देवेंद्र, पिंकू, देवकी नंदन, अजय, सुमित कुमार, आकाश बाबू सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story