TRENDING TAGS :
मथुरा में खूनी विवाद: शराब के नशे में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार
Mathura News: मथुरा के महोली मोहल्ले में शराब के नशे में विवाद के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी विशाल की तलाश में 4 पुलिस टीमें गठित।
Mathura News: थाना हाईवे क्षेत्र के महोली मोहल्ले में शराब के नशे में हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान विकास उर्फ विशाल ने कथित तौर पर अपने ही मोहल्ले के रहने वाले रोहतास को गोली मार दी। गोली लगने से रोहतास गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, महोली मोहल्ले में शराब के नशे में कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान विकास उर्फ विशाल पर रोहतास को गोली मारने का आरोप है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायल रोहतास को बचाने के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मुख्य आरोपी विकास उर्फ विशाल और उसके साथियों के खिलाफ नामजद तहरीर मिली है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब घटना के पीछे की वजह, विवाद की परिस्थितियों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विकास उर्फ विशाल के खिलाफ पहले से ही लड़ाई-झगड़े से संबंधित तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस वारदात के बाद आरोपी और उसके साथी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


