Mathura News : सीएम योगी के आगमन से पहले मथुरा में नाबालिगों ने हाईवे पर किया स्टंट

Mathura News : मथुरा में सीएम योगी के आगमन से पहले नाबालिगों ने हाईवे पर कार से स्टंट किए, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठे।

Amit Sharma
Published on: 28 Jan 2026 2:42 PM IST
Mathura News : सीएम योगी के आगमन से पहले मथुरा में नाबालिगों ने हाईवे पर किया स्टंट
X

Mathura news


Mathura News : मथुरा में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर की सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर नाबालिग बच्चों द्वारा कार से स्टंट और रीलबाजी किए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं। हैरानी की बात यह है कि ये सभी बच्चे स्कूल जाने की उम्र के बताए जा रहे हैं, जिनके पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस है और न ही यातायात नियमों की कोई परवाह।

इस गंभीर मुद्दे को भाजपा की पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेत्री रश्मि शर्मा ने सार्वजनिक रूप से उठाया है। उन्होंने बताया कि यह घटनाएं उस समय हो रही थीं, जब मथुरा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन प्रस्तावित था। ऐसे समय में जब पूरा प्रशासन हाई अलर्ट पर था, नाबालिग बच्चों द्वारा हाईवे पर तेज रफ्तार में स्टंट करना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

रश्मि शर्मा का कहना है कि इन बच्चों में से किसी के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, इसके बावजूद वे बेखौफ होकर सड़कों पर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इससे न केवल उनकी जान को खतरा है, बल्कि आम राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी दांव पर लग रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस प्रशासन सब कुछ अपनी आंखों से देख रहा है, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।

भाजपा नेत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्या कानून सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है? क्या किसी बड़ी दुर्घटना या किसी बच्चे की जान जाने के बाद ही प्रशासन हरकत में आएगा उन्होंने इसके लिए न केवल पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया, बल्कि बच्चों के माता-पिता को भी चेताया कि वे अपने बच्चों पर नियंत्रण रखें।

रश्मि शर्मा ने आशंका जताई कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में अन्य विद्यालयों के बच्चे भी इसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्टंट करते नजर आएंगे। उन्होंने मथुरा प्रशासन से अपील की है कि ऐसे मामलों में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story