Mathura News: नगर निगम का अतिक्रमण पर बुलडोजर, पागल बाबा मंदिर से मसानी रोड तक चला अभियान

Mathura News: मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने पागल बाबा मंदिर से मसानी रोड तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जे और अवैध ढांचे हटाए गए।

Amit Sharma
Published on: 21 Aug 2026 7:54 PM IST
Mathura News: नगर निगम का अतिक्रमण पर बुलडोजर, पागल बाबा मंदिर से मसानी रोड तक चला अभियान
X

Mathura News

Mathura News: मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने शहर में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने पागल बाबा मंदिर से मसानी रोड तक कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जों को हटाया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने दुकानदारों और अन्य अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए।

नगर निगम की टीम ने जयसिंहपुरा स्थित बिरला मंदिर के समीप फूड पार्क के आसपास सड़क किनारे किए गए कब्जों पर कार्रवाई की। यहां कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला रखा था, जिससे राहगीरों और वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। टीम ने सड़क की सीमा में रखे सामान और अस्थायी ढांचों को हटाया।इसके बाद टीम पागल बाबा मंदिर के सामने पहुंची। यहां रेस्टोरेंट और दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम कर्मचारियों ने बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बनाए गए अस्थायी ढांचों और अन्य कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों से सामान जब्त भी किया गया।

नगर निगम की प्रवर्तन टीम के अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को पहले ही चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद सड़क किनारे कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथ और सड़कों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नगर निगम प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नगर निगम की कार्रवाई से प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुचारू होने और सड़क किनारे यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story