TRENDING TAGS :
पत्नी बताने वाली महिला पर जासूसी का आरोप, अदालत ने एफआईआर दर्ज करने के दिए आदेश
Mathura News: मथुरा में खुद को पत्नी बताने वाली महिला पर अधिवक्ता व भाकपा माले नेता की मोबाइल एप से जासूसी व साजिश का आरोप, कोर्ट ने दिए एफआईआर के आदेश
Mathura News: खुद को पत्नी बताने वाली महिला पर एक अधिवक्ता और कम्युनिस्ट नेता की मोबाइल फोन के जरिए जासूसी करने का आरोप लगा है। मामले में प्रथम मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, मथुरा की अदालत ने महिला हेमा जोशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। शिकायत भाकपा माले के जिला मंत्री और फौजदारी के अधिवक्ता जीसस चतुर्वेदी एडवोकेट उत्कर्ष की ओर से प्रस्तुत की गई थी।
अधिवक्ता का आरोप है कि हेमा जोशी पिछले करीब एक साल से उनकी जासूसी कर रही थी। इसके लिए एयरड्रॉयड और सोर किड नाम के कथित जासूसी एप का इस्तेमाल किया गया। इन एप के माध्यम से उनके मोबाइल फोन का निजी डाटा हासिल करने के साथ ही लोकेशन और बातचीत भी रिकॉर्ड की जा रही थी। आरोप है कि मोबाइल फोन बंद या निष्क्रिय होने की स्थिति में भी उनकी गतिविधियों और आसपास होने वाली बातचीत पर नजर रखी जा रही थी।
शिकायत के मुताबिक रिकॉर्ड की गई बातचीत में उनके मुवक्किलों, अधिकारियों, परिजनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं से हुई निजी एवं गोपनीय बातचीत भी शामिल थी। अधिवक्ता ने दावा किया कि एयरड्रॉयड जैसे एप सामान्य एप सूची में दिखाई नहीं देते और इनके जरिए दूर बैठकर भी मोबाइल फोन तक पहुंच बनाई जा सकती है।
जीसस चतुर्वेदी का आरोप है कि हेमा जोशी स्वयं को उनकी पत्नी बताती है और जासूसी के माध्यम से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में महिला ने कुछ विरोधियों और कथित तौर पर भाड़े के लोगों के साथ मिलकर उनकी हत्या कराने की साजिश रची थी। इसके तहत उनका अपहरण कराने का प्रयास भी किया गया, लेकिन आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अदालत ने महिला के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। अब पुलिस की जांच में जासूसी के आरोपों और कथित आपराधिक साजिश से जुड़े तथ्यों की पड़ताल होगी।


