TRENDING TAGS :
Mathura News: 84 वैष्णवों की वार्ता पर बनी फिल्म भक्तों के लिए बनी प्रेरणादायी कृति
Mathura News: फिल्म में भगवान के प्रति राजा की अनन्य भक्ति और समर्पण को दिखाया गया है, संतों ने धार्मिक व संस्कारप्रधान फिल्मों को समय की जरूरत बताया है।
Mathura News: पुष्टिमार्ग के 84 वैष्णवों की वार्ता पर आधारित फिल्म ‘एक राजा’ इन दिनों धार्मिक और आध्यात्मिक संदेश के लिए चर्चा में है। फिल्म में भगवान के प्रति एक राजा की अनन्य भक्ति, समर्पण और श्रद्धा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। धार्मिक विषयवस्तु से जुड़ी इस फिल्म की श्रद्धालुओं और सनातन प्रेमियों द्वारा सराहना की जा रही है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर प्रकरण के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज, महंत रामदास जी महाराज तथा डॉ. आदित्यनाथ सरस्वती जी ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार की धार्मिक और संस्कारप्रधान फिल्मों का निर्माण बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 84 वैष्णवों की वार्ता पुष्टिमार्ग की महत्वपूर्ण आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ी है और फिल्म के माध्यम से इसके संदेश को व्यापक स्तर पर भक्तों तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है।
नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने वाली फिल्म
उन्होंने कहा कि फिल्म में जिस प्रकार एक राजा की भगवान के प्रति अटूट आस्था और भक्ति को दिखाया गया है, वह सनातन परंपरा के अनुरूप है। ऐसी प्रस्तुतियां नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और भगवान के प्रति समर्पण की भावना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
संतों ने कहा कि आज के समय में मनोरंजन के साथ-साथ समाज को आध्यात्मिक और नैतिक दिशा देने वाली फिल्मों की आवश्यकता है। ‘एक राजा’ जैसी फिल्में भक्तों को अपनी धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ जीवन में भक्ति, संयम और सदाचार अपनाने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ऐसी और फिल्में बनेंगी, जिनके माध्यम से सनातन संस्कृति और भक्ति की गौरवशाली परंपरा जन-जन तक पहुंचेगी। उनके अनुसार भगवान के प्रति सच्ची भक्ति और समर्पण ही कलियुग के नकारात्मक प्रभावों को कम करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।


