Mathura News: मथुरा में खूनी खेल! परिक्रमा मार्ग पर 30 मिनट तक ताबड़तोड़ फायरिंग, कई लोग घायल

Mathura News: तकरीबन 30 मिनट तक चली गोलीबारी और हिंसा से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

Priya Singh Bisen
Published on: 28 May 2026 2:49 PM IST
Mathura News
X

Mathura News

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आज 28 मई 2026 यानी गुरुवार को उस वक़्त भयंकर रूप से अफरा-तफरी मच गई, जब हाईवे थाना क्षेत्र के महोली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष छिड़ गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले और खुलेआम अवैध हथियारों से फायरिंग होने लगी। तकरीबन 30 मिनट तक चली गोलीबारी और हिंसा से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

क्या है मामला ?

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गुड्डी प्रधान और चंद्रपाल के बीच लगभग 6 महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद छिड़ा था। उस वक़्त ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था। बीते बुधवार को दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।

आज गुरुवार को अधिक मास परिक्रमा के दौरान चंद्रपाल पक्ष की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए प्याऊ और सेवा शिविर लगाया गया था। इसी दौरान गुड्डी प्रधान पक्ष के लोग भी वहां केला और अन्य सामग्री वितरण करने पहुंचे। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कुछ ही पल में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से खुलेआम हथियार लहराए गए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।

घटना का वीडियो वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई लोग हाथों में हथियार लेकर फायरिंग करते हुए नज़र आ रहे हैं। गोलीबारी से पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की तरफ भागते दिखाई दिए।

बता दे, गोलीबारी में चंद्रपाल पक्ष के रवि के पैर में और संजू के सीने में गोली लगी है। वहीं गुड्डी प्रधान पक्ष के हरिओम के सिर और सावित्री के हाथ में गोली लगने की जानकारी सामने आयी है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। संजू और हरिओम की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा राजू, मलखान सिंह, रिंकू और केदार का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

SP, CO भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे

इस घटना की जानकारी मिलते ही SP सिटी राजीव कुमार और CO अनिल कपरवान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story