Mathura News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन

Mathura News: मथुरा में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया।

Amit Sharma
Published on: 17 Jun 2026 3:58 PM IST
Mathura News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन
X

Mathura News

Mathura News: केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार, मथुरा में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, जनहित में किए जा रहे कार्यों तथा लाभार्थियों तक पहुंच रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, महिला कल्याण, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के चयनित लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया। मंत्री ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान सामग्री प्रदान कर उनके अनुभव सुने। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से मिले लाभ और जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया।

कार्यक्रम में मथुरा-वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने सूचना विभाग के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story