मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदे केंटर में लगी आग, करोड़ों का माल राख

Mathura News: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास केंटर में भीषण आग लग गई। चालक ने कूदकर जान बचाई, जबकि आग बुझाने में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

Amit Sharma
Published on: 22 Nov 2026 10:46 AM IST
मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदे केंटर में लगी आग, करोड़ों का माल राख
X

Mathura News: यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरे एक केंटर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। केंटर में लदे एलजी कंपनी के फ्रिज, एलईडी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर बर्बाद हो गए। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर पहुंची दमकल की टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि आग बुझाने के दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी मिली है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात केंटर संख्या UP85 CT 0196 पुणे से इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर नोएडा की ओर जा रहा था। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 110 के समीप अचानक वाहन में आग लग गई। केंटर में लगे जीपीएस सिस्टम के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। वाहन से धुआं और आग की लपटें उठती देख चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल केंटर से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई।

कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे केंटर को अपनी चपेट में ले लिया। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने आग का विकराल रूप देखकर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम, पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की लपटें तेज होने के कारण काफी देर तक प्रयास करना पड़ा। आखिरकार कई दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।

इस घटना में केंटर में रखा लगभग पूरा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है, लेकिन माल की कीमत करोड़ों रुपये होने की संभावना जताई जा रही है। आग बुझाने के दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है। हालांकि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story