Mathura News: कमरे में लॉक होकर फंसे बुजुर्ग को पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला, घुटने लगा था दम

Mathura News: मथुरा के कृष्णानगर में लॉक खराब होने से कमरे में फंसे विशंभर दयाल का दम घुटने लगा। डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस ने दरवाजा तोड़कर जान बचाई।

Amit Sharma
Published on: 22 Nov 2026 11:19 AM IST
Mathura News:  कमरे में लॉक होकर फंसे बुजुर्ग को पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला, घुटने लगा था दम
X

Mathura News: शहर के कृष्णानगर क्षेत्र में कमरे के अंदर लॉक होकर फंसे एक व्यक्ति को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। काफी देर तक कमरे में बंद रहने के कारण पीड़ित का दम घुटने लगा था। पुलिस ने हथौड़े और लातों की मदद से दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। सुरक्षित बाहर आने के बाद पीड़ित ने पुलिसकर्मियों का आभार जताते हुए उनकी सराहना की।

जानकारी के अनुसार 21 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे महावीर नगर, कृष्णानगर निवासी विशंभर दयाल पुत्र एमपी शास्त्री अपने कमरे में थे। इसी दौरान कमरे का लॉक अचानक खराब हो गया और वह अंदर ही फंस गए। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने अपने परिचितों से संपर्क किया और कारपेंटर को भी बुलाने का प्रयास किया, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा।

कमरे में काफी देर तक बंद रहने और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ने लगी। उन्होंने घबराकर डायल 112 पर पुलिस से सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कृष्णानगर चौकी प्रभारी को घटना से अवगत कराया गया। इसके बाद चौकी का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने हथौड़े और लातों से दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुल गया और विशंभर दयाल को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।बाहर आने के बाद पीड़ित ने बताया कि वह काफी देर से कमरे में बंद थे और उनका दम घुटने लगा था। समय पर पुलिस की मदद मिलने से उन्हें राहत मिली। उन्होंने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय कार्यशैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story