TRENDING TAGS :
Mathura अयोध्या, काशी और मथुरा को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट, डीगगेट में सघन चेकिंग
Mathura News: अयोध्या, काशी और मथुरा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मथुरा पुलिस अलर्ट, डीगगेट क्षेत्र में चला सघन चेकिंग अभियान।
Mathura News: दीपावली के त्योहार के बीच उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों अयोध्या, काशी और मथुरा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। धमकी के मद्देनजर मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना गोविंदनगर क्षेत्र की डीगगेट पुलिस चौकी पर देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
चौकी प्रभारी मयंक वत्स के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चौकी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और आने-जाने वाले रास्तों पर वाहनों को रोककर जांच की। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर सवार लोगों से पूछताछ की गई। संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों की बारीकी से तलाशी ली गई, वहीं वाहनों के पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सुरक्षा के मद्देनजर सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों के उल्लंघन पर कुछ वाहनों को सीज भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।धमकी के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ने से साफ है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। पुलिस का चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आमजन सुरक्षित माहौल में दीपावली का त्योहार मना सकें।


