Mathura News: राजीव भवन में पेंशन के लिए भटक रहे बुजुर्ग, महीनों से अटकी किस्तों ने बढ़ाई परेशानी

Mathura News: मथुरा के राजीव भवन में वृद्धावस्था पेंशन के लिए बुजुर्ग और लाभार्थी परेशान हैं। कई महीनों से पेंशन की किस्तें अटकी हैं तो नए आवेदन भी लंबित पड़े हैं। लाभार्थियों ने कर्मचारियों पर लापरवाही और सुनवाई न करने के आरोप लगाते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।

Amit Sharma
Published on: 26 Nov 2026 2:57 PM IST
Mathura News: राजीव भवन में पेंशन के लिए भटक रहे बुजुर्ग, महीनों से अटकी किस्तों ने बढ़ाई परेशानी
X

Mathura News

Mathura News: राजीव भवन में पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर बुजुर्गों और लाभार्थियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। कोई महीनों से रुकी पेंशन की किस्त के लिए चक्कर लगा रहा है तो कोई नया आवेदन स्वीकृत कराने के लिए परेशान है। गुरुवार को चार पीड़ितों ने अपनी समस्याएं बताते हुए व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि राजीव भवन में सुनवाई नहीं होती और काउंटरों से उन्हें बार-बार टरका दिया जाता है।

राया क्षेत्र के सरदारगढ़ गांव से साइकिल चलाकर राजीव भवन पहुंचे एक बुजुर्ग ने बताया कि उनकी पेंशन पिछले चार-पांच महीने से खाते में नहीं आई है। उन्होंने राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो सहित सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। कभी एक काउंटर तो कभी दूसरे काउंटर पर भेज दिया जाता है।जनरल गंज से पहुंची एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर वृद्धावस्था पेंशन का आवेदन कराने आई थीं। यहां साइट बंद होने की बात कहकर उन्हें बैठा दिया गया। महिला ने कर्मचारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर पर पैसे मांगने का आरोप भी लगाया।

जनरल गंज निवासी सावित्री ने बताया कि उनकी पेंशन की दो किस्तें नहीं आई हैं। जब वह संबंधित खिड़की पर जानकारी लेने पहुंचती हैं तो कंप्यूटर नहीं चलने की बात कहकर वापस कर दिया जाता है।वहीं सुंदर नामक व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने 14 फरवरी 2025 को पेंशन के लिए प्रक्रिया पूरी कराई थी, लेकिन अब तक पेंशन शुरू नहीं हुई। उनका कहना है कि वह करीब 50 बार राजीव भवन के चक्कर लगा चुके हैं। अधिकारी नहीं मिलते और काउंटर से सिर्फ पेंशन जल्द शुरू होने का आश्वासन दिया जाता है।पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित पेंशन का भुगतान जल्द कराया जाए, नए आवेदनों का निस्तारण हो और बुजुर्गों की शिकायतों की नियमित सुनवाई सुनिश्चित की जाए।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story