Mathura News: मथुरा में भीषण सड़क हादसा: खड़े डंपर में पीछे से घुसी कार, चार लोगों की दर्दनाक मौत

Mathura News: दिल्ली-आगरा हाईवे पर चौमुहां के पास चालक को नींद की झपकी आने से कार डंपर से टकराई। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है।

Amit Sharma
Published on: 23 Nov 2026 1:30 PM IST
Mathura News: मथुरा में भीषण सड़क हादसा: खड़े डंपर में पीछे से घुसी कार, चार लोगों की दर्दनाक मौत
X

Mathura News: दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना जैंत क्षेत्र के चौमुहां में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे सनसिटी के सामने सर्विस लेन पर हुआ। यहां खड़े डंपर में पीछे से तेज गति में आ रही मध्य प्रदेश नंबर की स्विफ्ट कार जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

जानकारी के अनुसार कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले बताए गए हैं। ये लोग ग्वालियर से आए थे। हादसे में चार लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल सर्वोदय मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका सामने आई है। बताया गया है कि कार सवारों ने रात में दो अलग-अलग स्थानों पर परिक्रमा की थी। संभव है कि रातभर पर्याप्त आराम नहीं मिलने के कारण चालक को सुबह झपकी आ गई हो और कार अनियंत्रित होकर खड़े डंपर से टकरा गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। शवों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story