Mathura News: सौंख में गूंजा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण का संकल्प, रजत शिला का हुआ दिव्य पूजन

Mathura News: मथुरा के सौंख में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण का संकल्प, रजत शिला का हुआ दिव्य पूजन

Amit Sharma
Published on: 8 Sept 2026 1:52 PM IST
Mathura News
X

Mathura News(Photo-Social Media)

Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर तैयार कराई गई रजत संकल्प शिला मंगलवार को सौंख नगर पंचायत पहुंची। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण में हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी महाराज विशेष रथ से संकल्प शिला लेकर कस्बे में पहुंचे। उनके पहुंचते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान पूरा नगर कृष्णमय नजर आया और भगवान श्रीकृष्ण व राधारानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष महेश अग्रवाल के नेतृत्व में रजत संकल्प शिला का विधि-विधान से पूजन और आरती की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण की कामना के साथ शिला के दर्शन किए। कार्यक्रम में लोगों ने भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। बताया गया कि यह रजत शिला भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर प्रस्तावित मंदिर निर्माण के संकल्प के प्रतीक के रूप में तैयार कराई गई है। आयोजकों के अनुसार न्यायालय से निर्णय आने के बाद मंदिर निर्माण में इसका उपयोग प्रथम रजत शिला के रूप में किए जाने का संकल्प है। इसका प्रथम पूजन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष पूज्य नृत्य गोपाल दास महाराज के कर कमलों से हुआ था।

अग्रवाल सभा अध्यक्ष महेश अग्रवाल ने कहा कि रजत शिला के पूजन और आरती में शामिल होकर वह स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना है, उसी प्रकार मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य मंदिर बने, यही सनातन समाज की कामना है। दिनेश फलाहारी महाराज ने बताया कि देशभर में एक लाख पवित्र स्थानों पर रजत संकल्प शिला के पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक पं. राजेश पाठक ने कहा कि संतों, धार्मिक स्थलों और सनातन समाज के बीच जनजागरण के माध्यम से शिला पूजन कराया जा रहा है। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता जय राम शर्मा, हरिदास महाराज, विष्णु अग्रवाल, पवन सिंघल, साकेत अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, विशेष कुमार, जुगल किशोर, शालू चौधरी, अभिषेक बजाज, मोनू, संतोष कुमार और अनिल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story