Mathura News: सावन शिवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने शिव मंदिरों का किया निरीक्षण

Mathura News: मथुरा में सावन शिवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट है। डीएम और एसएसपी ने शिव मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Amit Sharma
Published on: 11 Aug 2026 6:05 PM IST
Mathura News
X

Mathura News(Photo-Social Media)

Mathura News: पवित्र श्रावण मास और सावन शिवरात्रि के मद्देनजर मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मंगलवार को श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर तथा वृंदावन स्थित श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के आवागमन, दर्शन व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात और सुरक्षा इंतजामों को देखा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिवरात्रि पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के साथ-साथ यातायात को भी सुचारु बनाए रखा जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने और प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि सावन मास में मथुरा-वृंदावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रशासन का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। मंदिर मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन, खोया-पाया केंद्र, महिला पुलिस की तैनाती और सोशल मीडिया सेल के माध्यम से अफवाहों पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिव मंदिरों के निरीक्षण के बाद डीएम और एसएसपी ने वृंदावन स्थित प्राचीन श्री राधा गोपाल मंदिर तथा ठाकुर श्री श्री राधा कृष्ण चन्द्रमाजू महाराज मंदिर, ब्रह्मकुंड का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

amitsharmamathura.newstrack.com@gmail.com
Next Story